कांठ रोड की पुलिया को जोड़ने के लिए नालों का निर्माण शुरू हो गया है। जून तक काम पूरा होने की उम्मीद है। अभियंताओं का कहना है कि जून माह तक सीमेंट युक्त दोनों नाले तैयार हो जाएंगे। अब बरसात में लोगों को जलभराव से जूझना नहीं पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग ने कांठ रोड पर अकबर का किला सहित दो स्थानों पर चार पुलिया का निर्माण किया था। अब दो-दो पुलिया को नालों से जोड़ने का काम शुरू हो गया है। कांठ रोड के अकबर का किला के नजदीक रोड की खोदाई कर नालों का निर्माण शुरू हो गया है। अवर अभियंता विशाल आजाद का कहना है कि जून माह तक पुलिया को जोड़ने वाले नाले तैयार हो जाएंगे। नालों के निर्मित होने पर रामगंगा विहार तहसील क्षेत्र में जलभराव नहीं होगा। आवागमन को दुरुस्त रखने के लिए लोनिवि ने पुलिया पर स्लोप बनाया है। आवागमन के साथ नालों के निर्माण के लिए सतह पर लिंटर का काम चल रहा है। इधर कांठ रोड का निर्माण करने के लिए लोनिवि से टेंडर पास हो गया है। शहर के अंदर से लेकर बाहर तक रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। रोड पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी के बावजूद आए दिन जाम लगता था। लोगों की समस्या की जानकारी मिलने पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवेद खां ने पुलिया से आने जाने की व्यवस्था की है। इसके अलावा रोड के गड्ढों को भरा गया। लोनिवि कांठ रोड की 22 किमी सड़क बनाएगा। इसके लिए शासन की तरफ से 32.49 करोड़ धन स्वीकृत किया गया था। शासन ने आठ करोड़ रुपये एडवांस के तौर पर दिए थे।
हरथला का सड़क निर्माण हुआ
लोक निर्माण विभाग ने लंबे समय से इंतजार कर रहे हरथला के लोगों की आवाज सुनी। लोनिवि ने जल निगम के सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद वहां रोड का निर्माण कर दिया है। अब नगर निगम फुटपाथ के निर्माण का काम कर रहा है। चार माह से लोग अतिक्रमण हटने के बाद रोड के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। व्यवसायियों की दुकानें खुल रही थीं,लेकिन ग्राहक नहीं आ रहे थे।