मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को मतदान होगा। अध्यक्ष, महासचिव समेत 21 पदों के लिए 73 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। बार के नए भवन में बूथ बनाए गए हैं। चुनाव शांति पूर्ण संपंन कराने के लिए कचहरी में पुलिस बल भी तैनात रहेगा। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान चलेगा।
बार के वार्षिक चुनाव में प्रत्याशियों ने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी है। पिछले एक माह से प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे थे। अध्यक्ष पद के लिए आनंद मोहन गुप्ता, प्रदीप सिन्हा उर्फ बबली, परमाल सिंह मैदान में हैं जबकि महासचिव पद के लिए छह प्रत्याशी अभिषेक भटनागर, अशोक कुमार सिंह, कुलदीप त्यागी, जावेद हसन, दिलीप कुमार झा और राजेश कुमार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशियों के एजेंडा में रजिस्ट्री ऑफिस को दोबारा कचहरी में स्थापित है। सोमवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों ने पूरे दमखम के साथ प्रचार किया। कचहरी में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर प्रत्येक अधिवक्ता के चेंबर पर जाकर अपने हक में वोट की अपील की। कचहरी में जुलूस की शक्ल में अधिवक्ता एकता के नारे लगाए गए। इस वार्षिक चुनाव में 73 उम्मीदवारों ने 21 पदों के लिए नामांकन कराया था। 73 प्रत्याशियों की किस्मत मंगलवार की शाम तक मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
मतदान की तैयारियां पूरी, 2465 वकील कर सकेंगे मतदान
एल्डर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान 2465 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर सकते हैं।
आज से मतगणना तक रहेगी हड़ताल
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को मतदान किया जाएगा। बुधवार को मतगणना की जाएगी। जिसमें अधिवक्ता व्यस्त रहेंगे। वर्तमान महासचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि आज से मतगणना तक के लिए न्यायिक कार्य नहीं करने का निर्णय लिया है।
यह समिति देगी चुनाव में सहयोग
मुरादाबाद। एल्डर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं सदस्य सुभाष चंद्र गर्ग, सुधीर गुप्ता जगदीश सरन ने बताया कि वार्षिक चुनाव को लेकर एल्डर कमेटी और चुनाव समिति जिसमें नरेंद्र सिंह चौहान, शमशेर सिंह, ठाकुर अनिल कुमार सिंह, खलीकजुम्मा, सतीश विश्नोई संदीप खन्ना, अजयवीर त्यागी, अजयपाल सिंह, संजय सक्सेना सोनी, रमेश सिंह आर्य, संजय कुमार यादव, जगदीश चन्द्र मिश्रा मनोज गुप्ता, विशाल कांत, अरशद परवेज, अनिल कुमार चौहान ओमपाल सिंह, विवेक शर्मा, आशकार हुसैन जाफर अली, प्रमोद प्रत्येकी आदि शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया में अपना सहयोग करेंगे।
डिबेट में रजिस्ट्री ऑफिस का मुद्दा गरमाया
मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव से पहले प्रत्याशियों के बीच डिबेट कराई गई। जिसमें रजिस्ट्री ऑफिस समेत अधिवक्ता सम्मान और हड़ताल पर अंकुश लगाने के वादे प्रत्याशियों ने मतदाताओं से किए हैं।
अधिवक्ताओं के वार्षिक चुनाव से पहले एडवोकेट रैपिड एक्शन वेल्फेयर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा प्रत्याशियों के बीच डिबेट का कार्यक्रम किया गया। मतदान से पहले ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य एडवोकेट शाकिर अली, राकेश जौहरी, मुजफ्फर हुसैन और पीके गोस्वामी द्वारा मतदान से पहले डिबेट का कार्यक्रम आयोजित कराया जाता है। सोमवार को भी आयोजित डिबेट मे प्रत्याशियों ने कहा कि मुरादाबाद कचहरी में रजिस्ट्री ऑफिस का मुद्दा उठाया। कचहरी से रजिस्ट्री दफ्तर स्थानांतरित कर दिया गया था। जिसकी वजह से न केवल अधिवक्ताओं को बल्कि रजिस्ट्री कराने वाले आम जनता को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके लिए शासन प्रशासन के माध्यम से पुनः कचहरी में दफ्तर को वापस लाया जाएगा। साथ ही प्रत्याशियों ने कहा कि कचहरी में हड़तालों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। बार और बेंच के बीच आपसी वातावरण अच्छा बनाना भी उनका प्रमुख उद्देश्य होगा। अधिवक्ता हितों की रक्षा के लिए किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उनके लिए अधिवक्ता हित सर्वोपरि है।
अधिवक्ता पहचान पत्र से डाल सकेंगे वोट
मुरादाबाद। कचहरी स्थित एसपी गुप्ता अधिवक्ता भवन में मतदान किया जाएगा। मतदान सुबह दस बजे से शुरू हो जाएगा। दोपहर में एक घंटे का लंच टाइम रहेगा। एल्डर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी सीओपी नंबर युक्त पहचान पत्र और स्थानीय बार एसोसिएशन का पहचान पत्र अवश्य साथ लाएं। वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए चार, महासचिव पद के लिए 6, संयुक्त सचिव के 16, उपाध्यक्ष कनिष्ठ वर्ग 6, कोषाध्यक्ष के 6, कार्यकारिणी सीनियर 14, और कार्यकारिणी जूनियर 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 73 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार से तीन दिन लगातार वाहन स्टैंड बंद रहेगा और चुनाव और मतगणना के दौरान न्यायालय में अधिवक्ता कार्य से विरत रहेंगे।