ठाकुरद्वारा। नगर के एक व्यक्ति ने एक बैंक के कर्मचारियों पर धोखा देकर बीमा करने और एक लाख रुपये ठगी का आरोप लगाया है। नगर के वार्ड एक निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 सितंबर 2025 को नगर स्थित एक बैंक शाखा के कर्मचारी ने उसे फोन कर बैंक बुलाया। कर्मी ने उससे कहा कि एक अच्छी स्कीम आई है जिसके लिए बैंक के 10 खातेदारों का चयन किया गया है उसमें उनका भी नाम है। बताया कि इस स्कीम में 12 वर्ष तक एक लाख रुपये प्रति वर्ष जमा करने होंगे। 12 वर्ष बाद 22 लाख रुपये मिलेंगे। जबकि हर वर्ष 50 हजार रुपये की सब्सिडी भी मिलेगी। पीड़िता का आरोप है कि उसकी बैंक की एक लाख की एफडी तोड़कर उसका बीमा कर दिया गया। कुछ दिन बाद उसे बीमा संबंधी एक पुस्तिका भेजी गई जिसमें कहा गया कि 12 वर्ष बाद 18 लाख रुपये मिलेंगे तो उसने अपना बीमा करने का विरोध किया। उसे दो मई को बैंक में बुलाया गया, उसने अपने पैसे वापस मांगे तो कहा कि कुछ पैसे ही वापस मिल पाएंगे। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारियों ने उसे धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से बैंक के कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उसे जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद