मुरादाबाद में जलभराव के बीच नाव से आवाजाही करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद में सोमवार से शनिवार तक छह दिन में हुई बारिश ने बीते 15 साल में लगातार बारिश का रिकाॅर्ड तोड़ दिया। बीते छह दिमें 195 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले वर्ष 2009 में एक साथ 122 मिमी. बारिश हुई थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक चरण में इस सीजन की यह सर्वाधिक बारिश भी है।
रविवार को बादल छाने व हल्की बारिश के आसार हैं। सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दाैरान शनिवार दोपहर तक जारी रहा। इस दाैरान काले घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हवा की गति भी तेज रही। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ हुआ और चटख धूप निकली।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि सुबह आठ बजे तक 12.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद शाम छह बजे तक 3.2 मिलीमीटर बादल बरसे। इस तरह शनिवार को दिन में 16 मिलीमीटर बारिश हुई। छह दिनों में 195 मिलीमीटर बारिश हुई है।
इसमें 12 सितंबर को सबसे अधिक 104 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 24 जुलाई को एक दिन में 139.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि मुरादाबाद में साल भर की औसत बारिश एक हजार मिलीमीटर है।
इस वर्ष जनवरी से अब तक 12 सौ मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं मानसून सीजन में एक जून से 14 सितंबर तक 1072.7 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। वहीं मानसून सीजन की औसत बारिश 813.3 मिलीमीटर है।
सितंबर में औसत से दोगुना बरसे बादल
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सितंबर महीने में औसत बारिश 153 मिमी. है। वहीं शनिवार तक लगातार छह दिन में 195 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सितंबर माह के पहले आठ दिन में करीब सौ मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस तरह 14 सितंबर तक कुल 295 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो पूरे माह की औसत बारिश से भी करीब दोगुनी है।
पिछले छह दिनों की बारिश का आंकड़ा
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम बारिश
नौ सितंबर 33.0 26.7 9.4
दस सितंबर 33.5 26.2 0.6
11 सितंबर 30.0 25.8 0.4
12 सितंबर 25.0 23.8 104.6
13 सितंबर 24.8 22.5 75
14 सितंबर 27.2 23.4 16
नोट : बारिश मिमी. में है।
वर्ष 2009 में एक चरण में 122 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद यह सबसे अधिक बारिश है। सितंबर में मानसून की विदाई का समय होता है। कई बार इस तरह की बारिश हो जाती है। इस बार सितंबर माह के अंतिम सप्ताह तक बारिश हो सकती है।- डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, पंतनगर विश्वविद्यालय