ठाकुरद्वारा। एक महिला ने कार की मांग पूरी न करने पर अपने पति और ससुराल वालों पर दुपट्टे से गला घोटकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है।
गांव लालपुर गोसाई निवासी काजल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसका विवाह 23 जून 2023 को थाना डिलारी के दौलतपुर तिगरी निवासी प्रमोद कुमार के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद उसके ससुराल वालों ने कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। फिर बच्चे पैदा न होने पर भी उसके साथ मारपीट करने लगे। बाद में दोनों पक्षों में पंचायत हुई। इसके बाद महिला ससुराल में ही रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन बाद उसका फिर उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। मांग को लेकर 26 जनवरी को दुपट्टे से उसका गला घोटकर हत्या का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आ जाने पर वह बच गई। बाद में पति और उसके ससुराल वालों ने उसे मारपीट पर अपने घर से निकाल दिया। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पति प्रमोद कुमार, चंद्र प्रकाश, अजय, निपेंद्र और उत्तराखंड के थाना जसपुर के गांव धर्मपुर निवासी नन्हे सिंह और उनकी पत्नी चमनो देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद