मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी इंजीनियर शिवम कुमार शर्मा से साइबर ठगों ने सऊदी अरब की कंपनी में नौकरी का झांसा देकर पौने दो लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित इंजीनियर ने बताया उसके अलावा 14 अन्य युवक भी साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार को प्रकाशनगर निवासी इंजीनियर शिवम कुमार शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि वह गुरुग्राम की एक कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उसके पास अप्रैल 2023 में ईमेल के माध्यम से सऊदी अरब की कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नौकरी के लिए ऑफर आया।
जिसमें उन्हें 40 प्रतिशत वेतन बढ़ाकर देने की बात कही गई थी। साइबर ठग के लालच में आकर शिवम कुमार शर्मा ने ऑफर स्वीकार कर लिया था। इसके बाद साइबर ठग ने उनसे एक लाख 75 हजार रुपये भी अपने खाते में यह कहकर जमा करा लिए कि आपने दो साल तक नौकरी ठीक से की तो इसका लाभ मिलेगा।
आपकी इस धनराशि से कंपनी के शेयर खरीदे जाएंगे। आरोपी ने इंटरव्यू भी ऑनलाइन करा दिया था। इसके बाद उन्हें ऑफर लेटर भेज दिया गया था। उसमें भी जमा कराए गए एक लाख 75 हजार रुपये का जिक्र किया था। जिससे उन्हें विश्वास हो गया था।
कुछ दिन बाद ही पता चला कि जिस ईमेल आईडी से उन्हें मेल भेजे जा रहे हैं वो फर्जी है। उनके अलावा 14 अन्य युवक भी साइबर ठगी के शिकार हो चुके हैं। पीड़ित ने इस मामले में साइबर सेल और पुलिस थाने में शिकायत की। साइबर सेल ने मामले की जांच की साइबर ठगी की पुष्टि हुई है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।