लव जिहाद का ये मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र से जुड़ा है। नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव निवासी फरमान देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला रफातपुरा में कबाड़ी की दुकान चलाता है। चार साल पहले उसने फेसबुक पर देवराज राजपूत नाम से आईडी बनाई। फेसबुक पर उसकी दोस्ती गुजरात के अहमदाबाद निवासी हिंदू युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान फरमान ने अपना नाम देवराज राजपूत ही बताया। दोनों के बीच दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि दोनों मोबाइल पर भी बात करने लगे। फरमान ने युवती को शादी का झांसा दिया और अमरोहा बुला लिया।
आरोप है कि युवकी को भरोसा दिलाने के लिए फरमान ने अपना असली आधार कार्ड संशोधित कराकर उसमें अपना नाम देवराज राजपूत दर्ज करा लिया। चार दिन पहले आरोपी फरमान ने युवती को गुजरात से अमरोहा बुला लिया और किराए के मकान पर रखा। यहां उससे दुष्कर्म किया। मोहल्ले के लोगों को शक हुआ तो सोमवार की शाम उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरमान व युवती को थाने ले आई। थाने में जब पूछताछ की गई तो फरमान ने हकीकत बता दी। जिसे सुनकर युवती के भी होश उड़ गए। पुलिस को फरमान के पास से देवराज राजपूत के नाम से संशोधित किया गया आधार कार्ड बरामद हुआ। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि आरोपी फरमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
परिवार वालों ने अपनाने से किया इनकार
सीओ ने बताया कि युवती से पूछताछ के बाद उसके परिवार को इस बारे में फोन पर सूचना दी गई। जिस पर उन्होंने युवती से किसी भी प्रकार के संबंध होने से इनकार कर दिया। बताया कि युवती परिवार के लोगों को बिना बताए अमरोहा आ गई थी।