कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लालपुर गंगवारी की ग्राम निधि खाते से अलीगढ़ के एक युवक के बैंक खाते में करीब तीन लाख की धनराशि ट्रांसफर होने का मामला सामने आया है। बताते हैं कि यह धनराशि पंचायत भवन के लिए खरीदी गई निर्माण सामग्री से संबंधित फर्म को धनराशि भेजी जानी थी, जब उस फर्म में धनराशि नहीं पहुंचीं तो खलबली मच गई।
इस मामले में बीडीओ सूर्य प्रकाश ने संज्ञान लिया और छानबीन कराई गई। इसके बाद अलीगढ़ जिले के एक युवक के बैंक खाते में धनराशि ट्रांसफर हु्ई। संपर्क करने पर उस युवक से धनराशि वापस करने को कहा गया तो वह आनाकानी करने लगा। युवक पहले ही अपने बैंक खाते से धनराशि भी निकाल चुका था। जब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई तब उस युवक ने धनराशि को वापस ग्राम निधि के खाते में डाल दी। पंचायत सचिव नरेश कुमार का कहना है कि जालसाजी के चलते ही दूसरे बैंक खाते में धनराशि पहुंची है। वहीं, खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिवों को धनराशि भेजते समय पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।