मैनाठेर। सोमवार को मुख्यमंत्री के मुरादाबाद दौरे के लिए जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस में हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ता बस के जरिए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। डींगरपुर के निकट रास्ते में बस में बैठे एक कार्यकर्ता ने पानी पीने के बाद बचा हुआ पानी बाहर फेंक दिया। आरोप है कि पानी डींगरपुर क्षेत्र क्षेत्र निवासी युवक पर पर गिर गया। बताया जाता है कि इससे नाराज युवक ने अपनी कार बस के आगे लगाकर उसे रुकवा लिया और बस में चढ़ गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बस के अंदर एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया जिससे बस में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बस में महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थीं। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और उसे गागन पुलिस चौकी ले गए। उनका आरोप है कि बचाने में दो अन्य कारों से कुछ लोग बस का पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंचे, वहीं घटना के दौरान महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी अभद्र व्यवहार करने की बात सामने आई है। बताया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के चलते भाजपा कार्यकर्ता युवक को चौकी पर छोड़कर आगे रवाना हो गए। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता मामले में दोनों पक्ष के लोग मैनाठेर थाने पहुंचे। वहीं दूसरी ओर से युवक ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर अपने साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।