मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में पहली बार मुरादाबाद मंडल के तीन गेंदबाजों का चयन हुआ है। लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षु बाजवा (संभल), लेग स्पिनर कार्तिक सिद्धू (मुरादाबाद) और मीडियम पेसर मन्नान (अमरोहा) एक साथ यूपी की टीम में खेलते दिखेंगे। सोमवार को नोएडा में कैंप समाप्त होने के बाद टीम की घोषणा की गई।
कैंप में मुरादाबाद मंडल के पांच खिलाड़ी शामिल थे। इनमें से तीन का चयन होने की सूचना मिली तो मुरादाबाद तक खेल प्रेमियों में खुशी छा गई। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव और पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने तीनों खिलाड़ियों को फोन कर शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों ने बताया कि यूपी की टीम का पहला मैच सात अक्तूबर को चंडीगढ़ से होगा। इसके बाद टीम जम्मू-कश्मीर से भिड़ेगी। प्लेइंग इलेवन की घोषणा मैच के दिन की जाएगी।