अगवानपुर । अगवानपुर ओवर ब्रिज पर लगीं लाइटें बुधवार से सुचारु हो गई हैं। पांच साल बाद बीती शाम जब लाइटें जलीं तो पूरा पुल रोशनी से जगमगा उठा। आसपास रहने वाले लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। साथ ही उन्होंने डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह का शुक्रिया अदा किया।
मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर अगवानपुर ओवरब्रिज काफी समय से अंधेरे में था। डीएम शैलेंद्र कुमार के निर्देशों पर सेतु निगम और एमडीए ने आपसी मतभेदों को सुलझाकर लाइटें ठीक कराईं, जिससे ओवर ब्रिज जगमग हो गया। स्थानीय निवासी दानिश सैफी ने बताया की पुल के बनने के बाद कुछ समय लाइटें जली थीं। कुछ दिन बाद ही लाइटें बंद हो गई थीं। पुल पर प्रकाश व्यवस्था होने से अब रात में चलने वाले वाहनों को दिक्कत का सामना नहीं करना होगा।