उमरी कलां के मोहल्ला नसीराबाद में सोमवार सुबह करीब छह बजे मस्जिद में नमाज होने के बाद पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अमीर जहां के पति मोहम्मद शहजाद और दूसरे पक्ष के सलीम अहमद में आपसी टिप्पणी को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय तो लोगों ने दोनों को शांत कर दिया था, लेकिन मस्जिद से बाहर निकलने के बाद दोनों में फिर से विवाद हो गया। दोनों पक्ष के परिवार के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट और पथराव हुआ। दोनों ओर से हवाई फायरिंग भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के पति मोहम्मद शहजाद उसके भाई मोहम्मद वहाब और दूसरे पक्ष के शाहजेब को हिरासत में ले लिया। मामले में मोहम्मद शहजाद ने से सलीम अहमद, कैसर जहां, फहीम, शाहजेब और हारिश के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 336, 341, 352, 504 व 506 और सलीम अहमद ने मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद वहाब व नसीम पर धारा 323, 336, 427 और 506 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में लिए गए मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद वहाब और शाहजेब को सीएचसी में चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।
दोनों ओर से हुई आठ से दस राउंड फायरिंग
मोहल्ला नसीराबाद में टिप्पणी को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, पथराव और बवाल के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ओर से आठ से 10 राउंड फायरिंग होने से मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए। पुलिस जांच कर रही है कि जिन असलहों से फायरिंग की गई है वह लाइसेंसी थे या फिर अवैध।
एमबीबीएस का छात्र है मारपीट में शामिल शाहजेब
नमाज के बाद दो पक्षों में टिप्पणी करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने का एक आरोपी शाहजेब पुत्र सलीम अहमद एमबीबीएस का छात्र है। वह एमबीबीएस तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मारपीट की वारदात
टिप्पणी करने को लेकर उमरी कलां में हुआ दो पक्षों का विवाद सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे के साथ मारपीट और गाली गलौज कर रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटैज को भी अपने पास सुरक्षित कर लिया है।