मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र के जिगर कॉलोनी बंगला गांव निवासी अधिवक्ता शौकीन अली (53) की हत्या कर दी गई। वह रविवार शाम छह बजे से गायब थे। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे उनका शव मझोला क्षेत्र में चौहानों वाली मिलक स्थित गोशाला के पास कुएं में पड़ा मिला। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नुकीली चीज और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
मूलरूप से भगतपुर के चतरपुर निवासी शौकीन अली नागफनी के जिगर कॉलोनी बंगला गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। सिविल मामलों के अधिवक्ता शौकीन अली दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के सदस्य भी थे। परिवार में पत्नी सहाना, दो बेटे सुहेल अली, शुऐब अली व एक बेटी फिजा है। बड़े बेटे अधिवक्ता सुहेल अली ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम छह बजे उनके पिता स्कूटी से घर से कहकर निकले थे कि वह थोड़ी देर में आ जाएंगे। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं आए तब परिजन उनकी तलाश शुरू की गई। मोबाइल बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने दोबारा उनकी तलाश शुरू की।
बेटा मोबाइल की लोकेशन के जरिए मझोला क्षेत्र में चौहानों वाली मिलक में गोशाला के पास पहुंच गया। यहां सहारा इंडिया की भूमि के पास कुएं में अधिवक्ता का शव पड़ा था। सूचना मिलने पर एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह और सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। इसके बाद शव कुएं से बाहर निकाला गया। एसपी सिटी ने बताया कि बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें हर एंगल पर जांच पड़ताल में जुटी हैं।
मोबाइल, स्कूटी और सोने की अंगूठी गायब
अधिवक्ता के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता स्कूटी लेकर घर से निकले थे। पुलिस को मौके पर अधिवक्ता की स्कूटी, मोबाइल और एक सोने की अंगूठी नहीं मिली है।