ठाकुरद्वारा। बृहस्पतिवार को एडीएम प्रशासन और एसडीएम ने गांव नन्हूवाला स्थित सहकारी समिति पर पहुंचकर वहां किए गए खाद वितरण की जांच की।। करीब 15 दिन पूर्व समिति के अकाउंटेंट दीपक के थाना डिलारी के गांव महेशपुर स्थित आवास पर 125 बोरा यूरिया खाद पकड़ा गया था। इस खाद को कब्जे में लेकर राजकीय कृषि भंडार केंद्र ठाकुरद्वारा में रखवा दिया गया था। आरोपी अकाउंटेंट दीपक को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ थाना डिलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डीएम के आदेश पर समिति पर इस दौरान हुए खाद वितरण की जांच के लिए एडीएम प्रशासन और एसडीएम ठाकुरद्वारा की जांच समिति बनाई गई है। दोनों ने समिति पर पहुंचकर वहां पर खाद वितरण के अभिलेख चेक किये। स्टॉक में इस समय खाद शून्य मिला। जबकि पहले हुए खाद वितरण की विस्तृत जांच की गई। खाद का वितरण महेशपुर, तगाली, आदि गांव के किसानों को करना दिखाया गया है। सहकारी समिति के सचिव, अकाउंटेंट आदि भी भी जांच के दौरान वहां उपस्थित रहे। वहां मौजूद किसानों के बयान भी दर्ज किए गए। उन्होंने समिति से खाद खरीदने की बात कही है। एसडीम प्रीति सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।