मुरादाबाद।
लोन बंद कराने के नाम पर एक एजेंट ने एडीएम प्रशासन के चालक से 56290 रुपये ठग लिए। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मझोला क्षेत्र के कांशीराम नगर निवासी दिनेश ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें उसने बताया कि वह एडीएम प्रशासन का चालक है। उन्होंने फाइनेंस कंपनी से 4.17 लाख का लोन एजेंट के माध्यम से कराया था। लोन लेने के बाद दिनेश लगातार किश्त जमा करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि वह अब तक 3.60 लाख रुपये जमा कर चुके हैं। एक दिन एजेंट उनके पास आया और कहा कि लोन बकाया राशि काे एक बार में जमा कर देंगे तो लोन बंद हो जाएगा। इसके बाद चालक ने एजेंट को ऑनलाइन एक बार में 2000 और दूसरी बार में 54290 रुपये ट्रांसफर कर दिए थे लेकिन पैसा लेने के बाद भी एजेंट ने लोन बंद नहीं कराया। जिसके बाद दिनेश ने कंपनी के कार्यालय जाकर जानकारी की तो पता लगा कि कंपनी ने एजेंट को पहले ही हटा दिया है। एसएसपी ने मझोला पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।