मुरादाबाद। जिले के 14000 लोगों की वृद्धावस्था पेंशन शीघ्र ही रोक दी जाएगी। मुख्य वजह पेंशन भोगी लोगों ने अभियान चलाने के बावजूद अभी तक पेंशन को आधार कार्ड से लिंक नहीं कराया है। इनमें शहरी क्षेत्र के चार हजार लोग शामिल हैं।
केंद्र सरकार के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने फरवरी माह से 45000 की संख्या में मौजूद वृद्धा अवस्था पेंशनभोगी लोगों का सत्यापन करना शुरू किया। अभियान के दौरान जिले के लोगों ऑनलाइन सत्यापन भी कराया। इस बीच बताया गया कि प्रत्येक पात्र वृद्ध को अपनी पेंशन को आधार कार्ड से जोड़ना जरूरी है। यदि पेंशन आधार कार्ड से नहीं जोड़ी गई तो संबंधित पेंशनभोगी की पेंशन रोक दी जाएगी। साढ़े पांच माह में सिर्फ 31 हजार पेंशनभोगियों ने ही आधार कार्ड से पेंशन जोड़ी है। अभी तक देहात के 10000 और शहरी क्षेत्र के 4000 लोगों ने अपनी पेंशन को आधार के नंबर से नहीं जोड़ा है। इस बारे में समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुस्ताक अहमद ने बताया कि शहरी क्षेत्र में लोगों ने पता की जगह वार्ड संख्या दर्ज किया है लेकिन मकान नंबर नहीं लिखा है। ऐसे लोगों का कोई मोबाइल नंबर भी उपलब्ध नहीं है। इस बारे में बैंकों से भी संपर्क किया गया लेकिन बैंक प्रबंधकों ने हाथ खड़े कर दिए। बैंक प्रबंधकों ने लिखित तौर पर बताया कि किसी भी धाताधारक की व्यक्तिगत जानकारी वे शेयर नहीं कर सकते हैं। बैंकों के हिसाब से यह कार्य नियम के विपरीत माना जाएगा।