ट्रेजडी क्वीन मीना कुमारी को किया याद
सचिन पिलगांवकर ने ट्रेजडी क्वीन मीना कुमारी को याद करते हुए कहा कि मैं उर्दू भाषा को जितना सीख पाया हूं, वह सिर्फ मीना आपा की वजह से है। मैं 9 वर्ष का था जब उन्होंने मेरे माता-पिता से मुझे उर्दू सिखाने के लिए कहा था। मैं उनके घर उर्दू सीखने के लिए जाया करता था। पहले एक घंटा वह मेरे साथ टेबल टेनिस खेलती थीं और फिर एक घंटा उर्दू सिखाती थीं। पूछने पर कहती थीं कि तुम भविष्य में बॉलीवुड में बहुत नाम करोगे, इसीलिए तुम्हें उर्दू आना बहुत जरूरी है। तुम एक दिन मुझे याद करोगे। आज मैं कहता हूं कि उनके द्वारा एक दिन कही गई यह बात मैं हर दिन याद करता हूं।
मंच पर उनके साथ मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी शलभ माथुर रहे। संचालन आयोजक नजर बिजनौरी ने किया। आभार अनुज सिंह ने जताया। इस दौरान हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग अग्रवाल, सर्वेश गुप्ता, कशिश वारसी, शिवेंद्र जैन आदि मौजूद रहे। इससे पहले गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एक के बाद एक सुरीली प्रस्तुतियों से प्रतिभागियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विजेताओं को रविवार को होने वाले समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
यूट्यूब दे रहा है प्रतिभाओं को मंच: रानी इंद्राणी शर्मा
बॉलीवुड सिंगर रानी इंद्राणी शर्मा ने कहा कि प्रतिभा को कोई नहीं रोक सकता है। यूट्यूब एक ऐसा माध्यम है कि जहां टैलेंट को आसानी से मंच मिल जाता है। आजकल के युवा अपने टैलेंट के दम पर यूट्यूब के माध्यम से देश ही नहीं बल्कि दुनिया में नाम कमा रहे हैं। इसीलिए यदि किसी में टैलेंट है तो उसे छिपाने या दबाने के बजाय निखारने का प्रयास करना चाहिए।