सीए श्वेताभ तिवारी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सीए श्वेताभ तिवारी के दफ्तर में पुलिस और फोरेंसिक टीम पिछले दो दिन में 250 फाइलों को खंगाल चुकी है। इस दौरान ये भी बात सामने आई है कि सीए के निर्यातक, डॉक्टरों के अलावा मेंथा और मीट कारोबारी भी क्लाइंट थे। पुलिस सभी इतिहास खंगाल रही है। इसके अलावा सीए के मोबाइल से मिले 500 नंबरों को फिल्टर किया जा रहा है।
सीए हत्याकांड की जांच श्वेताभ तिवारी के दफ्तर में ही सिमट कर रह गई है। पिछले दो दिन से पुलिस टीमें स्टाफ, पार्टनर, करीबियों और क्लाइंटों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम और सीए की टीम श्वेताभ का कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज खंगालने में जुटी हैं। श्वेताभ तिवारी के मुरादाबाद के अलावा गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, उत्तराखंड के कारोबारी, नेता, डॉक्टर, निर्यातक और उद्योगपति क्लाइंट हैं।
अब तक पुलिस 250 क्लाइंटों की फाइलें ही चेक कर पाई हैं। जिसमें मुरादाबाद, रामपुर और संभल के मीट व मेंथा कारोबारी भी क्लाइंट हैं। एक टीम फाइल का सर्वे करती है तो दूसरी टीम फोन पर क्लाइंट से बातचीत करती है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर कुछ को दफ्तर भी बुला रही है। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी।