गोकशी के मामले में फरार चल रहे छठे नामजद आरोपी जमशेद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। मामले में पहले ही पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
16 जनवरी को छजलैट थाना क्षेत्र के गांव छज्जूपुरा दोयम के जंगल में गोवंशीय पशु के अवशेष मिले थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने छजलैट थाने और तहसील में धरना प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद 28 जनवरी को गांव चेतरामपुर के जंगल में गोकशी की घटना हुई थी। पुलिस ने जांच में विहिप बजरंग दल जिला प्रमुख मोनू विश्नोई उर्फ सुमित निवासी रसूलपुर गुर्जर कांठ, ग्रामीण प्रखंड अध्यक्ष राजीव चौधरी निवासी चक पचोकरा छजलैट, कार्यकर्ता रमन चौधरी निवासी खानपुर मुजफ्फरपुर, शहाबुद्दीन व जमशेद निवासी चेतरामपुर और नईम निवासी सीकरी छजलैट के नाम सामने आए थे। जिस पर पुलिस ने मोनू विश्नोई उर्फ सुमित, राजीव चौधरी, रमन चौधरी, शहाबुद्दीन और नईम को गिरफ्तार सभी को जले भेज दिया था। मामले में जमशेद फरार चल रहा था, उस पर एसएसपी हेमराज मीना ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मंगलवार को छजलैट पुलिस को जमशेद को गांव समंदपुर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष छजलैट सतेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।