बिलारी। पुलिस ने रात्रि में गश्त के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की बाइक लेकर जाते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाने के दरोगा विनीत कुमार ने सहसपुर पुलिस चौकी के दरोगा कृष्ण कुमार को अपने साथ होना बताकर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बीती रात वह पुलिस टीम के साथ सहसपुर से चंदौसी सड़क मार्ग तक गश्त कर रहे थे। इस दौरान फतेहपुर नत्था से इब्राहीमपुर गांव की ओर एक बाइक पर जाते दो युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों बाइकसवारों को रोक लिया। पुलिस के अनुसार बाइक चलाने वाले युवक ने अपना नाम निकेश तथा बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अपना नाम संजीव निवासी भूड़ मरेशी थाना बिलारी बताया। निकेश के कब्जे से मिली बाइक पर लगी रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट को ई चालान पर चेक किया गया तब रजिस्ट्रेशन नंबर बदला हुआ पाया गया। निकेश से बाइक के पंजीकरण संबंधी अभिलेख मांगें तब नहीं दिखा पाया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर निकेश ने बताया कि उसने पांच दिन पहले चंदौसी क्षेत्र से यह बाइक चोरी की है। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के डर से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक को चला रहा था। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक समेत पकड़े गए आरोपी निकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। संवाद