ठाकुरद्वारा। नगर की छिपीयान मस्जिद के सामने सार्वजनिक कुएं पर अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण करने की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएम के
आदेश पर जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि समाधान दिवस में तीन बार यह मामला बताने पर भी राजस्व विभाग और नगर पालिका के स्तर से कार्रवाई नहीं की गई। लगातार शिकायत कर रहे अनीस अहमद ने बताया कि 30 सितंबर को मुरादाबाद जाकर डीएम से इस मामले की शिकायत की। इस पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी और राजस्व विभाग को जांच के आदेश दिए। इसके बाद जांच करने पहुंचे लेखपाल ने शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाया लेकिन वह नहीं पहुंचे। राजस्व निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि लेखपाल ने शिकायत की जांच की है। शीघ्र जांच रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से डीएम को भेजी जाएगी। अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार ने बताया कि उनके द्वारा भी शीघ्र राजस्व और अपनी टीम के साथ मौके पर जांच की जाएगी।