हादसे में जान गंवाने वाला मजदूर यासीन (28) पुत्र तौली शाह रामपुर जनपद के खजुरिया थाना क्षेत्र के जौरासी गांव निवासी था। परिवार में पत्नी आसिया, दो बेटी गौसिया और आफिया हैं जबकि एक बेटा जिशान है। बुधवार रात यासीन गांव से भूसा लादकर अमरोहा के ढबारसी स्थित गोशाला में पहुंचाने जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली को साजिद चला रहा था। जबकि यासीन और नन्हें भी सवार थे। देर रात करीब पौने दो बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली दिल्ली-लखनऊ बाईपास पर मझोला थाना क्षेत्र में गिन्नौर दी माफी के पास पहुंची। इसी दौरान कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी थी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। मजदूर यासीन ट्रॉली और ट्रैक्टर के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक साजिद और नन्हें भी घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां देखते ही डॉक्टरों ने यासीन को मृत घोषित कर दिया। मझोला थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।