अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मुरादाबाद महानगर के कार्यकर्ताओं द्वारा एमआईटी में आयोजित कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से बहन-बेटियों के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वाले लोगों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विभाग संयोजक अमन शर्मा ने कहा 14 जनवरी 2024 को एमआईटी में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसमें टीआरटी चैनल के लोगों द्वारा सार्वजनिक मंच से बहन-बेटियों के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही अभद्र टिप्पणियों का प्रयोग करके समाज का माहौल बिगड़ा। पदाधिकारियों ने कहा कि ये घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और समस्त नारी समाज का अपमान है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई बहुत प्रयास कर रही है लेकिन आमिर जैसे लोग समाज को दूषित करने का काम कर रहे हैं। कहा कि प्रशासन की अनुमति में जो निर्देश थे, उनकी भी धज्जियां उड़ाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजक और टीआरटी चैनल वाले दोनों ही दोषी हैं। उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद बड़ा आंदोलन करेगी। प्रांत एसएफडी सह-संयोजक सरल शर्मा ने कहा इस घटना पर कॉलेज प्रशासन का मौन रहना चिंता का विषय है। कॉलेज की तरफ से कोई भी आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। संगठन की ओर से हम लोगों ने थाना सिविल लाइंस में शिकायत की है। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल, महानगर मंत्री रितिक चौहान, महानगर सहमंत्री अश्मित चौधरी, शिवांगी शर्मा, मेघना प्रजापति, मानसी शर्मा, सचिन राजपूत, छविनाथ अरोड़ा, शिवा शर्मा, अनिकेत सागर आदि मौजूद रहे।
- कार्यक्रम का आयोजन हमारा नहीं था। हमने सिर्फ आयोजन के लिए कॉलेज में जगह दी थी। यह अनुमति भी जिला प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद दी गई थी। फूहड़ कॉमेडी पर हमने आपत्ति दर्ज की थी और उसका कार्यक्रम रोक दिया था। आयोजकों ने मौखिक रूप से माफी मांगी थी। अब हमने मामले में उचित कार्रवाई के लिए आयोजक को पत्र लिखा है। -डॉ. रोहित गर्ग, निदेशक, एमआईटी