मुरादाबाद। कांठ के मोहल्ला पृथ्वी गंज निवासी आफिया परवीन के 500 में से 483 अंक आए हैं। आफिया इंटरमीडिएट की मेरिट में पांचवें नंबर पर आई है। आफिया के पापा इकबाल अहमद की सिलाई मैटेरियल की दुकान है। आफिया ने बताया कि पापा का सपना है कि मैं डॉक्टर बनूं। कस्बे में अच्छे डॉक्टर न होने की वजह से मैं इस कमी को पूरा करना चाहती हूं।
पूरे वर्ष आफिया ने पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखी है। आफिया ने बताया कि वह प्रतिदिन 15 घंटे पढ़ती थी। प्रत्येक विषय के लिए तीन-तीन घंटे का समय निर्धारित था। जो भी टॉपिक समझ में नहीं आता था तो शिक्षक से तुरंत पूछ लेती थी। मम्मी रोशन जहां ने भी कभी पढ़ते समय काम के लिए नहीं कहा। सिर्फ पढ़ाई की ही जिम्मेदारी थी। सुबह तीन बजे मम्मी जगा देती थीं और साथ में बैठ भी जाती थीं, ताकि मुझे अकेलापन महसूस न हो। जब भी तनाव होता था तो परिजनों के साथ समय बिताने लगती थी। पहली बार बोर्ड परीक्षा दी तो पहले पेपर में डर लगा, लेकिन उसके बाद आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दी। आफिया के पास अपना कोई मोबाइल नहीं है और न ही सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट है। इसलिए समय का सदुपयोग पढ़ाई के लिए किया। पांच-भाई बहनों में चौथे नंबर की आफिया ने बताया कि मंगलवार को जब परिणाम आया तो वह सो रही थी। स्कूल से शिक्षकों ने फोन कर बताया कि प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। यह सुनकर भरोसा ही नहीं हुआ। आफिया ने भौतिक विज्ञान में 97, वनस्पति विज्ञान में 97, रसायन विज्ञान में 97, अंग्रेजी में 96 और हिंदी में 96 अंक प्राप्त किए हैं। पिता इकबाल ने बताया कि बेटी की सफलता के बाद से बधाइयों का दौर चल रहा है। आफिया की मेहनत को देखकर लगता था कि प्रदेश में स्थान आ सकता है। मम्मी रोशन जहां ने कहा कि आफिया को बिरयानी बहुत पसंद है। इसलिए वह अपनी बेटी के लिए बिरयानी बनाएंगे। ब्यूरो