कांठ। दुकान से सामान लेने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करते हुए घायल कर दिया गया। पीड़ित ने तमंचे की बट और धारदार हथियार से वार कर घायल करने का आरोप लगाया है। छजलैट पुलिस ने शिकायत के बाद चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। छजलैट थाना क्षेत्र के गांव छज्जूपुरा दोयम के रहने वाले सरफराज ने दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि 30 मई की देर शाम करीब आठ बजे वह गांव में ही दुकान से कुछ सामान लेने जा रहा था। तभी उसे रास्ते में गांव के ही नौशाद, शादाब, दिलशाद और सिकंदर ने घेर लिया। आरोप है कि नौशाद पर तमंचा और सिकंदर पर धारदार हथियार था। इन चारों ने उसे गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान नौशाद ने तमंचे की बट और सिकंदर ने धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। छजलैट पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। संवाद