बाइक की रिपेयरिंग करते समय शॉर्ट सर्किट से पेट्रोल में लगी आग से झुलसे बाइक मैकेनिक अब्दुल समद (53) की इलाज के दौरान मौत हो गई। सात जून को झुलसे मैकेनिक को परिजनों ने दिल्ली के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को घर से आए।
कांठ नगर के मोहल्ला पृथ्वीगंज निवासी अब्दुल समद भूड़ मंदिर के पास बाइक मैकेनिक की दुकान करता था। अब्दुल करीब 35 साल से मैकेनिक का काम कर रहा था। सात जून शुक्रवार को वह दुकान पर बाइक की रिपेयरिंग कर रहा था। बाइक के पास ही एक तसले में पेट्रोल रखा था। इस दौरान बाइक में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण उससे निकली चिंगारी पेट्रोल भरे तसले में जा गिरी और आग लग गई थी। जिसकी चपेट में आकर अब्दुल समद झुलस गया था। अब्दुल को आग की लपटों में घिरा देखकर बेटा मोहम्मद मुहैब और अन्य भी बचाने के चक्कर में झुलस गए थे।
परिजन अब्दुल समद को इलाज के लिए सीएचसी लाए थे, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां भी हालत गंभीर देखते हुए परिजन अब्दुल समद को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे अब्दुल समद की मौत हो गई। परिजनों ने इसे एक हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव को कांठ ले आए। मृतक अपने पांच भाइयों में मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अकरम व मोहम्मद आलम में सबसे बड़ा था। उनके पांच बच्चे नेहा परवीन, मोहम्मद सुहैल, मोहम्मद मुहैब, सोबिना परवीन व रूसदा परवीन हैं।