ठाकुरद्वारा। शरीफनगर में मंगलवार शाम को धामपुर से दुकान के लिए ज्वैलरी लेकर लौट रहे सराफा व्यापारी की बाइक में स्कूटी सवार युवकों ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद व्यापारी पर कड़े से प्रहार किया। जिससे व्यापारी के सिर से खून बहने लगा। उनके शोर मचाने पर लोगों की भीड़ वहां पर आ गई। इस पर आरोपी युवक अपनी स्कूटी छोड़कर वहां से भाग गए। व्यापारी का आरोप है की मारपीट के दौरान उनकी 24 ग्राम की सोने की करीब तीन लाख की सोने की चैन भी गायब हो गई। शरीफ नगर निवासी अनिल कुमार वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि वह शाम करीब 5:30 बजे बाइक से गांव के उपदेश कुमार के साथ धामपुर से दुकान पर बेचने के लिए ज्वेलरी खरीद कर ला रहे थे। ज्वेलरी बाइक की डिग्गी में रखी हुई थी। जब वे गांव के बस स्टैंड पर पहुंचे तभी गांव मदारपुर के स्कूटी से आए दो युवकों ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि दोनों ने उन पर हमला बोल दिया। उनके सिर में हाथ में पहने कड़े से प्रहार किया। जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो कुछ लोग मौके पर आ गए। इस पर आरोपी अपनी स्कूटी छोड़कर वहां से भाग गए। व्यापारी का कहना है की मारपीट के दौरान उनके गले में पहनी सोने की चैन भी गायब हो गई। उन्होंने पुलिस से घटना की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। इसमें एक आरोपी को नामजद और एक को अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने घायल व्यापारी अनिल कुमार वर्मा का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया है। उधर सीओ आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जो भी सत्यता जांच में सामने आएगी। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।