मंडी धनौरा। छुट्टा घूम रहे पशु लगातार हिंसक होते जा रहे हैं। वे आने जाने वाले लोग या खेतों पर काम कर रहे लोगों पर हमला कर रहे हैं। बुधवार को ग्राम ततारपुर में बुजुर्ग होराम सिंह को घायल करने के बाद ग्राम आजमपुर में खेत में काम कर रहे एक और बुजुर्ग को सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सांड़ों को पकड़ कर गोशाला भिजवाने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव आजमपुर निवासी गंगाराम सिंह 62 साल बृहस्पतिवार की सुबह अपने खेत पर काम कर रहे थे। अचानक एक सांड़ खेत में घुस आया और काम कर रहे गंगाराम को बुरी तरह से घायल कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंगाराम के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े और सांड़ को वहां से भगाया। परिजनों ने उनका निजी अस्पताल में उपचार कराया है। बुधवार को ग्राम ततारपुर गर्बी में 72 वर्षीय होराम सिंह को सांड़ ने हमला कर अधमरा कर दिया था। बीती 29 जून को ग्राम देवीपुरा में भी घर में सो रहे सतपाल को सांड़ ने हमला कर घायल कर दिया था।