मंडी धनौरा। हैकर ने राष्ट्रीय स्वयं संघ नेता की ई मेल आईडी हैक कर लोगों से 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। जानकारी मिलने पर संघ नेता ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपनी आईडी हैक किए जाने की जानकारी दी। संघ नेता की तहरीर पर पुलिस ने तीन मोबाइल नंबरों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव डींगरा निवासी चंद्रशेखर सिंह राष्ट्रीय स्वयं संघ के जिला पदाधिकारी हैं। बीती 24 जनवरी को किसी ने उनकी आईडी हैक कर फेसबुक व व्हाट्स एप पर इमरजेंसी का हवाला देते हुए रुपये की मांग की जाने लगी। उनके तमाम रिश्तेदारों व परिचितों को संदेश भेजकर धन वसूलने लगे। बीती एक फरवरी को संघ नेता को इसकी जानकारी रिश्तेदारों के जरिए हुई। उन्होंने अपने नंबरों से सोशल मीडिया पर अपनी आईडी हैक करने की जानकारी दी और किसी को रुपये न भेजने की बात कही। लेकिन तब तक हैकर्स अलग-अलग लोगों से 90 हजार रुपये की धनराशि ठग चुके थे।
संघ नेता ने तीन नंबरों से क्यूआर कोड के जरिए वसूल की गई धनराशि का विवरण देते हुए थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप ने बताया कि चंद्रशेखर की तहरीर पर तीन मोबाइल नंबर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-