मुरादाबाद। शहर में जर्जर गिराऊ भवन एक-दो नहीं करीब 90 से ज्यादा हैं। नगर निगम ने इन भवनों को जर्जर घोषित कर रखा है। शनिवार को नगर निगम की टीम शहर के कई मोहल्लों में पहुंची और भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया। हादसे के बाद कई मोहल्लों में पहुंची निगम की टीम ने कई ऐसे मकानों को भी देखा जिनके बारे में आस-पड़ोस के लोग सूचनाएं दे चुके थे। वहीं शनिवार की रात को कोर्ट रोड स्थित एक जर्जर भवन को खाली कराया गया। माैके पर पहुंची पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई। शनिवार को जामा मस्जिद चाैराहे के पास तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रहा कि मकान को पहले ही खाली करा दिया गया था। जर्जर हालत में पहुंच चुके ऐसे गिराऊ भवन 90 से ज्यादा है। नगर निगम ने इन्हें चिह्नित कर जर्जर घोषित किया है। ये भवन मकबरा, पूरन जाट, मुगलपुरा, मंडी चाैक समेत शहर के पुराने मोहल्लों में हैं। शनिवार को नगर निगम की टीम जर्जर भवनों का निरीक्षण करने भी निकली। वहीं कोर्ट रोड पर दुर्गा मंदिर के पास एक जर्जर भवन को खाली कराया गया। सीओ कुलदीप गुुप्ता ने बताया कि जर्जर भवन के बाहर बैरिकेडिंग करा दी गई है। भवन में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने कुछ जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस भेजा है।