मुरादाबाद।
23वीं वाहिनी पीएसी के मैदान पर मंगलवार को नगर मुरादाबाद की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। सेना नायक एचएन सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। जूनियर हाईस्कूल कांशीराम नगर की छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। प्राथमिक विद्यालय शाहपुर तिगरी व जूनियर हाईस्कूल मुगलपुरा के बच्चों ने देशभक्ति गीत पर आकर्षक नृत्य किया। प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर दौड़ में उबैद, इकरा, सौ मीटर दौड़ में शहजाद अहमद, इलमा, दो सौ मीटर दौड़ में अमन, सानिया, चार सौ मीटर दौड़ में विशाल और संजना ने जीत हासिल की। खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय 23 पीएसी के बालकों ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा गोला फेंक, चक्का फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद, योगा आदि प्रतियोगिता भी कराई गईं। जूनियर हाईस्कूल बालक वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनकपुर के मुकेश प्रकाश ओवर ऑल चैंपियन रहे। प्रतियोगिता के अंत में प्राथमिक विद्यालय कन्या मझोला व उच्च प्राथमिक विद्यालय पीएएसी के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विजेता बच्चों को खंड शिक्षा अधिकारी नगर डॉ. मीना मनराल ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान नगर सह समन्वयक राहुल शर्मा, क्रीड़ा प्रभारी धर्मवीर, राकेश कौशिक, वसीम मसरूर, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।