मुरादाबाद।
शासन ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। प्रदेश में गोरखपुर और फिरोजाबाद के बाद मुरादाबाद तीसरा जिला है जहां नगर आयुक्त का दायित्व भी डीएम के पास होगा। मुरादाबाद स्मार्ट सिटी बनने की प्रक्रिया में है। ऐसे में डीएम के पास चार्ज आने से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। हाल ही में शासन ने नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा का तबादला कर दिया था। शुक्रवार को शासन से अतिरिक्त प्रभार का आदेश आने के बाद डीएम ने कहा कि वह शहर की जरूरतों के हिसाब से निगम के लिए नीतियां तैयार करेंगे। फिलहाल निवर्तमान नगर आयुक्त अवनीश शर्मा 30 दिसंबर तक अवकाश पर हैं। डीएम ने बताया कि फिलहाल वह निगम के रूटीन कामकाज ही देखेंगे। अवनीश शर्मा के अवकाश से लौटने के बाद निगम के नीतिगत मामलों को देखा जाएगा।