बिलारी। बीएसए और एबीएसए की सख्ती के बाद भी क्षेत्र के कई परिषदीय स्कूलों में अध्यापक सुबह को निर्धारित समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। इन हालात में जहां छात्र परेशान होते हैं वहीं शिक्षण कार्य भी पिछड़ जाता है। ब्लॉक के समाथल गांव के जूनियर हाई स्कूल में बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक किसी शिक्षक के न पहुंचने से स्कूल में पढ़ने आईं तीन छात्राएं रूबी,नीतू और डॉली स्कूल के गेट पर काफी देर तक खड़ी रहीं। एबीएसए कार्यालय से जानकारी करने पर पता चला है कि समाथल जूनियर स्कूल में एक मात्र शिक्षक तैनात हैं। अकेले शिक्षक के देर से स्कूल पहुंचने पर छात्र परेशान दिखे। उधर नरूखेड़ा गांव के प्राइमरी स्कूल में दो शिक्षिकाएं तैनात हैं। बृहस्पतिवार की सुबह नरूखेड़ा का स्कूल भी आधा घंटा देर से खुला।