बिलारी। क्षेत्र के हाथीपुर स्थित एसबीएस स्कूल में बृहस्पतिवार की दोपहर हिंदी विषय की वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय समाज के गिरते नैतिक स्तर का उत्तरदायी कौन, अभिभावक या समाज। इस विषय पर विद्यालय के कक्षा 12 के सभी छात्र चार सदन में बंटकर वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागी बने। प्रतियोगिता में कुलदीप, मंजीत, आकृति और सोफिया ने जोरदार तरीके से अपने विचार रखे और आपस में अपने साथी छात्रों से सवाल भी किए। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिलारी के एसडीएम रामप्रकाश ने छात्रों के अनेक सवालों के जवाब दिए। एसडीएम ने हिंदी भाषा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक साहू राजीव सहाय और प्रधानाचार्या जीआर सिद्दीकी ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।