मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा के लिए आज शहर में 53 हजार परीक्षार्थी रहेंगे। 55 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा का पूरा जिम्मा जिला प्रशासन संभाल रहा है। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जोकि परीक्षा केंद्रों तक परीक्षा संबंधी प्रपत्र लेकर जाएंगे और सुरक्षित लेकर आएंगे।
इनके अलावा 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से 12 और दोपहर तीन से पांच बजे तक आयोजित होगी। दोनों दिन मिलाकर एक लाख 09 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन शनिवार को इनमें से 53 हजार परीक्षार्थी पीईटी में बैठेंगे। परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर और मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग ने पूरी की है।
नोडल अधिकारी एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, बुलंदशहर और उत्तराखंड के कुछ जनपदों से भी परीक्षार्थी आएंगे। परिवहन निगम के अधिकारियों को इन स्थानों के लिए निरंतर बसें उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। दोपहर में पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद और दूसरी पाली शुरू होने से पहले परिवहन निगम पर ज्यादा दवाब रहेगा। इसके लिए पहले ही बसों का प्रबंध करने की जिम्मेदारी मुरादाबाद और पीतलनगरी डिपो के एआरएम को सौंपी गई है।