ठाकुरद्वारा/सुरजननगर। सुरजननगर चौकी क्षेत्र के गांव बलिया में घुसकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते को अपना निवाला बनाया। जबकि तेंदुए ने गांव तालमपुर शेरपुर पटटी में भी पशुशाला में घुसकर शिकार का प्रयास किया। घटना से गांव बलिया और आस पास के गांव दहशत फैल गई। क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक पर अंकुश लगाने में वन विभाग नाकाम साबित हो रहा है। वन विभाग द्वारा तेंदुआ पकड़ने के लिए गांव लालापुर पीपलसाना में लगाया गया पिंजरा आठ दिन से खाली है। गांव बलिया में मंगलवार की रात को तेंदुआ गांव में घुस गया। उसने गांव के धर्मवीर सिंह के घर में घुसकर रात करीब तीन बजे उसके पालतू कुत्ते का शिकार किया। कुत्ते की चीख से धर्मवीर सिंह की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचाया। लेकिन तेंदुआ कुत्तें को उठाकर जंगल में ले गया। बुधवार को कुत्ते का अधखाया शव जंगल में पड़ा दिखाई दिया। उधर चौकी क्षेत्र के गांव तालमपुर शेरपुर पटटी में तेंदुआ गांव के पप्पू सिंह की पशुशाला में घुस गया। लेकिन वहां कोई पशु नहीं बंधा हुआ था। इसलिए तेंदुए को वहां से बिना शिकार के ही वापस लौटना पड़ा। बुधवार की सुबह पप्पू सिंह जब अपनी पशुशाला में पहुंचा। तो वहां तेंदुए के पंजे के निशान दिखाई दिए। उसने इस बारे में ग्रामीणों को बुलाकर पंजे दिखाए। जिससे गांव में दहशत फैल गई। क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में दहशत है।