ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। मुरादाबाद हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक कुत्ते को बचाने के प्रयास में विद्युत पोल से टकरा कर पलट गई। इससे बाइक सवार उत्तराखंड के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर नगर के सरकारी अस्पताल में निजी एंबुलेंस पर प्रतिबंध होने के बाद भी उनके चालक जबरन एंबुलेंस अंदर ले आए। घायलों को अस्पताल से उठाकर अपनी एंबुलेंस में लेकर काशीपुर ले गए। उत्तराखंड के थाना कुंडा के गांव सरबरखेड़ा निवासी रिजवान व भूरा बुधवार को शाम करीब चार बजे मुरादाबाद से आ रहे थे। मुरादाबाद हाईवे पर गांव फौलादपुर के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्तें को बचाने की कोशिश में उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। विद्युत पोल से टक्कर के बाद दोनो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सड़क पर बेहोश पड़े थे। तभी सूचना पर पहुंची 100 डायल के पुलिस कर्मियों दीपक कुमार, किशनपाल सिंह, दिनेश कुमार ने घायलों को बेहोशी की हालत में अपनी जीप से नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें से रिजवान की हालत गंभीर बताई गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लेकिन तभी निजी एंबुलेंस चालक वहां आ गए। वे घायलों को अपनी दो एंबुलेंस में डालकर काशीपुर ले गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें 108 सरकारी एंबुलेंस से ले जाने की सलाह दी। लेकिन निजी एंबुलेंस चालकों ने किसी की नहीं सुनी। इनमें गंभीर घायल रिजवान को काशीपुर से मुरादाबाद रेफर किया गया है। दोनों बाइक सवार ने अपने सिरों पर हैलमेट नहीं लगा रखे थे। जिससे उनके सिर में गंभीर चोटे आई। सरकारी अस्पताल के अधीक्षक ने निजी एंबुलेंस के अस्पताल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा रखा हैं।