बिलारी। नगर के मोहल्ला पैंठ बाजार स्थित परिषदीय अपरजदीद प्राइमरी स्कूल में मंगलवार की दोपहर हुई स्वच्छता जागरूकता गोष्ठी में मौजूद छात्रों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। गोष्ठी में नगरपालिका परिषद के वार्ड सभासद रानू चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूली बच्चे स्वस्थ नहीं रहेंगे तब उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। सभासद बोले कि सभी बच्चों को स्कूल परिसर समेत अपने घर और आसपास के इलाके में बेहतर साफ सफाई रखनी चाहिए। स्कूल की प्रधानाध्यापक रूपम रस्तोगी ने भी स्वच्छता का संदेश देते हुए स्वच्छता जागरूकता पर जोर दिया। अंत में सभी बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। गोष्ठी में स्कूली शिक्षिका संगीता कश्यप, पुष्पांजलि और शहाना बी आदि ने भी विचार रखे।