बिलारी। नगर में डाकबंगले के निकट स्थित एमएजेएमआई इंटर कालेज में बृहस्पतिवार की सुबह पॉलिथीन प्रतिबंध और स्वच्छता जागरूकता को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पॉलिथीन के बढ़ते प्रयोग से पानी निकासी वाले नाले और नालियां चोक होने लगी हैं। वर्तमान में प्रदेश शासन के पॉलिथीन के प्रयोग न करने संबंधी अभियान को सफल बनाने के लिए छात्रों को भी आगे आना चाहिए। वक्ताओं ने वर्तमान गर्मी और बारिश के मिले जुले मौसम में अपने घरों के पास पानी जमा न होने देने और विशेष साफ सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। गोष्ठी में शाहनवाज हुसैन, अब्दुल कुद्दूस, रंजीत कुमार, पवन कुमार, मोहम्मद खालिद, ओमकार सिंह, शाइस्ता बी, तरन्नुम, नाजिया, खुशबू, रजनी आदि ने विचार रखे। गोष्ठी के बाद कालेज परिसर में जमा सभी छात्रों ने इस आशय की शपथ ली कि वह अपने दैनिक जीवन में पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे। छात्रों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर समाज में जागरूकता लाने का भी आह्वान किया गया।