मुरादाबाद।
एयरपोर्ट के लिए एक हेक्टेयर भूमि की जरूरत है। जिला प्रशासन इस भूमि को किसानों से खरीदेगा। भूमि खरीद के लिए सोमवार को कमेटी की बैठक होगी।
भदासना हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील करने का फैसला सरकार कर चुकी है। एयरपोर्ट बनने के बाद यहां से छोड़ी दूरी की उड़ानें शुरू की जाएंगी। शुरू में भदासना एयरपोर्ट से दिल्ली और लखनऊ के लिए फ्लाइट मिलेंगी। एलान होने के बाद से एयरपोर्ट अथारिटी की टीम कई बार भदासना हवाई पट्टी का निरीक्षण कर चुकी है। रनवे को ओके करार दिया जा चुका है। हवाई पट्टी पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष और पार्किंग की व्यवस्था की जानी है। सुरक्षा चौकी का भी निर्माण होना है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के लिए करीब एक हेक्टेयर भूमि की जरूरत और पड़ेगी। इसे खरीदने का फैसला किया गया है। सोमवार को कमेटी की बैठक बुलाई गई है। नेशनल हाईवे से हवाई पट्टी तक के मार्ग को दुरुस्त करने की भी योजना है। एयरपोर्ट बनने से मुरादाबाद और आसपास के जिलों खासकर संभल और रामपुर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मुरादाबाद के निर्यात उद्योग को इससे बढ़ावा मिलेगा। सड़क खराब होने की वजह से अभी तक विदेशी बायर्स मुरादाबाद आने से कतराते हैं। निर्यातकों को अपने दिल्ली स्थित शोरूम में ही उन्हें उत्पाद दिखाने पड़ते हैं। एयरपोर्ट बनने के बाद निर्यातक आसानी से बायर्स को अपनी फैक्ट्री भी दिखा सकेंगे।