मुरादाबाद। मार्च माह की शुरुआत में ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ और शनिवार दिन में बारिश हुई। शनिवार सुबह से दोपहर तक हुई 4.1 मिलीमीटर हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश या बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है। अनुमान है कि इस बारिश के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
शुक्रवार से ही मौसम में बदलाव होने लगा था। बादल छाने के अलावा ठंडी हवा चलने लगी थी। रातभर बादल छाए रहे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे तक बारिश हुई। इसके बाद जब बारिश थमी तो मौसम साफ हुआ। हालांकि दिन में फिर बारिश हुई। शाम को बादलों की ओट से कभी-कभी सूरज दिखाई दे रहा था। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शनिवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सुबह नमी 86 फीसदी और शाम को नमी 77 फीसदी रही। सुबह आठ बजे तक बारिश 1.8 मिलीमीटर और शाम छह बजे तक 3.2 मिलीमीटर बारिश हुई। हवा की गति पश्चिम से पूरब दिशा में पांच से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है।