मुरादाबाद।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के वर्ष 2019-20 में सूचीबद्ध खेलों में बालक-बालिकाओं के आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए संभावित 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण 11 से 25 मार्च तक जिला-मंडल स्तर पर संचालित होंगे। उपक्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज ने बताया कि केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के संभावित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश देने संबंधी अंतिम चयन-प्रशिक्षण 21-22 मार्च को बालिका वर्ग, 23-24 मार्च को बालक वर्ग के केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के आयोजन स्थल पर ही होंगे। उन्होंने बताया कि छात्रावास में प्रवेश के लिए जिम्नास्टिक व तैराकी खेल में संबंधित वर्ष के अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल को 12 वर्ष से कम और अन्य खेलों में 15 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु के संबंध में अभ्यर्थियों को विद्यालय का जन्मतिथि प्रमाण पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी/जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए। यदि किसी कारण से चयन के समय जन्मतिथि सक्षम अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित करवाना संभव न हो तो स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा जन्मतिथि प्रमाण पत्र व अभ्यर्थी के माता-पिता द्वारा जन्मतिथि के संबंध में नोटरी शपथ पत्र दिया जाएगा।