मुरादाबाद। जिले में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 37 हजार विद्यार्थियों के लिए जिले के कॉलेजों में लगभग 25 हजार सीटें हैं। नए सत्र के लिए कॉलेजों द्वारा नई शिक्षा नीति के प्रचार प्रसार की योजना बनाई जा रही है। प्राचार्यों का कहना है कि विवि द्वारा जारी होने वाले निर्देशों के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुरादाबाद जनपद में यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम में जिले में करीब 37 हजार विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। यह सभी विद्यार्थी अब आगामी कक्षाओं में दाखिला लेने की योजना बना रहे हैं। जिले के 69 कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में करीब 25 हजार सीटें हैं। प्राचार्यों को उम्मीद है कि अशासकीय महाविद्यालयों में दाखिला लेने के लिए इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थी दिलचस्पी दिखाएंगे। प्राचार्य हिंदू कॉलेज सत्यव्रत सिंह रावत का कहना है कि अभी सेमेस्टर परीक्षाएं संचालित हैं और 20 मई से व्यक्तिगत माध्यम के विद्यार्थियों की भी परीक्षा हाेंगी। इसलिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय को परीक्षाओं के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए पत्र भेजा गया है। उनका कहना है कि परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश मिलता है, जबकि दाखिला प्रक्रिया में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते हैं। ऐसे में प्रबंधन के दृष्टिकोण से भी प्रवेश प्रक्रिया बाद में शुरू होना बेहतर है। नई शिक्षा नीति की विद्यार्थियों को जानकारी देने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
केजीके कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील चौधरी का कहना है कि नई शिक्षा नीति के हिसाब से दाखिला प्रक्रिया संचालित की जाती है। विद्यार्थियों को मेजर, माइनर विषयों के अलावा वोकेशनल और स्किल डेवलपमेंट पाठ्यक्रम की जानकारी दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को विषयों को चुनने में कोई परेशानी न हो।