मुरादाबाद। दीपावली पर आपूर्ति विभाग जिले के दो लाख 27 हजार लोगों को पीएम उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर उपलब्ध कराएगा। अभी 50 हजार लोगों की केवाईसी पूरा नहीं होने के कारण उनको मुफ्त सिलिंडर नहीं मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने साल में दो बार होली और दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उपभोक्ताओं को मुफ्त गैस देने का एलान किया था। इसके तहत योजना से जुड़े उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिया जाएगा, जिनकी केवाईसी पूरी है। जिले में दो लाख 77 हजार उपभोक्ता उज्ज्वला योजना के तहत पंजीकृत हैं, लेकिन अभी तक 2.27 लाख लोगों ने ही केवाईसी कराई है। इन लोगों को आपूर्ति विभाग ने मुफ्त गैस सिलिंडर देने के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि केवाईसी कराने वाले लोगों को ही मुफ्त गैस सिलिंडर मिलेगा। केवाईसी न कराने वाले 50 हजार उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिलेगा। मुरादाबाद केवाईसी कराने में देश में नंबर एक है।