मुरादाबाद। खुद को सबसे अनुशासित बताने वाली पार्टी भाजपा को नगर निकाय चुनाव में अपनी ही पार्टी के नेताओं काफी नुकसान होने की आशंका है। पार्टी के नेताओं और उनके करीबियों ने 20 वार्डों में पार्टी के घोषित प्रत्याशियों के समक्ष चुनौती पेश कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नुकसान से बचने के लिए बागियों को मनाने में जुट गए हैं।
वार्ड नंबर गांधीनगर 60 से पार्टी के मंडल मंत्री और बूथ अध्यक्ष भाजपा के घोषित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड नंबर 47 सागर सराय में मंडल मंत्री सागर सक्सेना चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड संख्या 44 में भाजपा का एक कार्यकर्ता पार्टी के घोषित प्रत्याशी को चुनौती दे रहा है। वार्ड नंबर 42 से भाजपा के दो कार्यकर्ता और पूर्व पार्षद चुनावी मैदान में हैं। वार्ड दो आदर्शनगर में एक भाजपा कार्यकर्ता की भाभी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड चार शिवनगर में भाजपा का पूर्व पार्षद पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ ताल ठोंक रहा है। वार्ड नंबर सात में भाजपा पदाधिकारी की पत्नी पार्टी प्रत्याशी के लिए चुनौती बनी है। इसी प्रकार वार्ड संख्या नौ और दस में भी भाजपा के जुड़े लोग चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड संख्या 13 में मंडल मंत्री और बूथ अध्यक्ष दोनों पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ ताल ठोंक रहे हैं। वार्ड संख्या 14 ज्ञानी वाली बस्ती में बूथ अध्यक्ष पार्टी प्रत्याशी के विरोध में उतर आए हैं।
वार्ड नंबर 17 चंद्रनगर से पार्टी कार्यकर्ता, वार्ड 19 से जुग्नू सोनकर चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड नंबर 20 में दो भाजपा कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। वार्ड नंबर 21 से भी भाजपा के दो कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड लाजपतनगर से भी पार्टी प्रत्याशी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता उतर आए हैं। वार्ड 26 से भाजपा कार्यकर्ता और वार्ड 29 से महिला मोर्चा की पदाधिकारी चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड संख्या 33 भदौरा से दो मंडल उपाध्यक्ष और किसान मोर्चा के पदाधिकारी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ खड़े हो गए हैं। वार्ड संख्या 40 नवाबपुरा से किसान मोर्चा के पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
पार्टी के असंतुष्ट लोगों को मनाने के लिए बैठक बुलाई गई है। नाराज लोगों को मना लिया जाएगा। पार्टी प्रत्याशियों के लिए कोई खतरा नहीं है। -धर्मेंद्र नाथ मिश्रा महानगर अध्यक्ष मुरादाबाद