बिलारी। बिलारी ब्लॉक के सभी ग्रामों को नौ सितंबर तक ओडीएफ घोषित करने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अनेक ग्रामों में लक्ष्य के अनुसार शौचालयों का निर्माण नहीं हो सका है। शुक्रवार की दोपहर बीडीओ एनके सिंह ने जब एडीओ पंचायत की मौजूदगी में पंचायत सचिवों के साथ शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की तब पता चला कि शौचालय पूरा होने का लक्ष्य काफी पिछड़ा हुआ है। बीडीओ ने दो सचिवों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी भी दे डाली। पंचायत सचिवों ने बीडीओ को बताया कि लगातार बारिश होने से ग्राम प्रधान शौचालयों का निर्माण लक्ष्य के अनुसार पूरा नहीं करा पा रहे हैं। बारिश की वजह से मौके पर निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। बैठक के बाद बीडीओ ने बताया कि शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति की स्थिति से डीएम और सीडीओ को अवगत करा दिया गया है। फिलहाल बिलारी ब्लॉक को नौ सितंबर को ओडीएफ घोषित करने का कार्यक्रम आगे बढ़ने की भी संभावना लग रही है।