बिलारी। क्षेत्र के शाहबाद रोड हरौरा स्थित एमएच मेमोरियल डिग्री कालेज में सोमवार की सुबह आयोजित गोष्ठी में गिरते भू गर्भ जल स्तर पर चिंता जताई गई और जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। गोष्ठी के प्रारंभ में महाविद्यालय की छात्राओं डॉली आर्य, सवा अंसारी, रूकैया परवीन, अलीशा फातिमा और रितिका सक्सेना ने जल ही जीवन है विषय से संबंधित गीत प्रस्तुत किया। गोष्ठी में मुख्य वक्ता महाविद्यालय के डायरैक्टर सलीम अहमद ने कहा कि सिंचाई विभाग की ताजा रिपोर्ट से पता चला है कि भूमिगत जल स्तर लगातार नीचे गिर रहा है जिसके भावी परिणाम खतरे के रूप में सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि इंसान अपने स्वार्थ के लिए लगातार पृथ्वी से खिलवाड़ कर रहा है और प्रत्येक वर्ष बारिश भी कम होने से समस्या और बढ़ रही है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि बारिश की कमी होने और जल स्तर घटने का प्रभाव सामान्य जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। इसी वजह से अनेक तालाबों का पानी भी सूख गया है। गोष्ठी का संचालन तबस्सुम निशा ने किया। गोष्ठी में अर्श अब्दुल्ला, असद रजा, बीना सिंह, अभिनव सक्सेना, रामपाल सिंह, सोमपाल सिंह आदि ने विचार रखे।