बिलारी। ब्लॉक के गौराशाहगढ़ गांव के प्राइमरी स्कूल पर सोमवार की दोपहर राशन कोटेदार के चयन संबंधी गांवसभा की हंगामी बैठक में मात्र दो वोटों के अंतर से कोटेदार का चुनाव हो गया। राशन कोटे की रंजिश को लेकर गौराशाहगढ़ को संवेदनशील गांव माना जाता है। कोटेदार के चुनाव को लेकर बुलाई गई बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार की दोपहर भारी पुलिस फोर्स को गांव के स्कूल पर बुला लिया गया। ब्लॉक के एडीओ पंचायत राजीव सक्सेना के निर्देशन और गौरा शाहगढ़ के प्रधान मुकेश यादव की अध्यक्षता में कोरम पूरा होने पर कोटेदार चयन संबंधी बैठक की कार्रवाई शुरू हुई। एडीओ पंचायत ने बताया कि गांव से कोटेदार बनने के लिए दो दावेदार परमानन्द और सुनील के नाम सामने आए। परमानन्द के समर्थन में 159 और सुनील के समर्थन में 157 ग्रामीण सामने आए। ऐसी स्थिति में दो वोटों के अंतर से परमानन्द के पक्ष में कोटेदार चयन का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। बैठक का संयुक्त संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी परमेंद्र सिंह और फिरोज आलम ने किया।