ठाकुरद्वारा। मुंशीगंज स्थित 132 केवीए विद्युत उप संस्थान की हाईटेंशन लाइन में तकनीकी खराबी के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति 24 घंटे से बाधित है। लगातार 11 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र में हाहाकार मच गया। लोगों को शुक्रवार को सुबह पानी नहीं मिला। पूरे दिन लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरसते रहे। विद्युत उप संस्थान की विद्युत आपूर्ति टांडा रामपुर बिजलीघर से जुड़ी है। गुरूवार को शाम करीब सात बजे इस लाइन पर पेड़ गिर गया। जिससे विद्युत उप संस्थान की आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात आपूर्ति ठप रही। जिससे शुक्रवार की सुबह नगर में पानी की आपूर्ति भी नहंी हो सकी। सुबह छह बजे आपूर्ति शुरू हुई जो दो घंटे फिर बंद हो गई। इसके बाद सुबह 10 बजे शुरू हुई जो फिर बंद कर दी गई। पूरे दिन इसी तरह बार बार आपूर्ति को बंद किया जाता रहा। जानकारी करने पर विद्युत उप संस्थान के जेई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि टांडा बिजलीघर पर अधिक लोड होने के कारण वहां से आपूर्ति नहंी हो पा रही है। उत्तराखंड के महुआखेड़ा गंज से आपूर्ति को लेने का प्रयास चल रहा है। लेकिन उत्तराखंड में विद्युत जनरेशन की समस्या के चलते सिर्फ 30 मेगावाट ही बिजली मिल पा रही है। जबकि मुंशीगंज विद्युत उप संस्थान से क्षेत्र के सातों फीडरों को चलाने के लिए 60 मेगावाट बिजली की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग के बड़े अधिकारियों को अवगत करा दिया हैं। अभी इस समस्या का हल होने में एक दो दिन का समय लग सकता है।