ठाकुरद्वारा। बैंक की फर्जी रसीद देकर वृद्ध से 11 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने एसडीएम कार्यालय पर पहुंचकर महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली के गांव रामूवाला गनेश निवासी मो. हनीफ पुत्र अब्दुल अजीज का कहना है कि वह करीब आठ माह पूर्व ठाकुरद्वारा स्थित एक बैंक में अपने खाते में 11 हजार रुपये जमा करने के लिए गया था। बैंक के काउंटर पर ठाकुरद्वारा निवासी एक महिला और एक युवक बैठे हुए थे। उन्होंने पैसे जमा करने के लिए उससे बैंक का बाउचर भरवाया। 11 हजार रुपये लेकर उसे बैंक की स्लिप वापस कर दी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब जमा की गई धनराशि उसके खाते में नहीं आई तो उसने अपने खाते की जांच कराई। जिसमें लिए गए 11 हजार रुपये जमा नहीं थे। उसने इसकी शिकायत बैंक के शाखा प्रबंधक से की। तो शाखा प्रबंधक ने दोनों को अपना कर्मचारी होने से इंकार कर दिया। वृद्ध ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की हैं।